राहुल गांधी 20 मई को पहुंचेंगे अमेठी, गौरीगंज में करेंगे कार्यकर्ता सम्मेलन, राजनीतिक चर्चाएं तेज

अमेठी : उत्तर प्रदेश की सियासत में एक बार फिर अमेठी चर्चा का केंद्र बनने जा रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली सांसद Rahul Gandhi 20 मई को एक दिवसीय दौरे पर अमेठी पहुंचेंगे। अपने पुराने संसदीय क्षेत्र के इस दौरे में राहुल गांधी जिला मुख्यालय Gauriganj में आयोजित कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को लेकर जिले में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

 

कांग्रेस संगठन ने सम्मेलन की तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल के लिए नवोदय विद्यालय के सामने स्थित मैदान और गौरीगंज बाईपास के पास स्थित एक बड़े मैदान को चिन्हित किया गया है। अंतिम निर्णय के लिए दिल्ली से आई पार्टी की टीम ने दोनों स्थलों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच और कार्यकर्ताओं की संख्या को देखते हुए स्थान तय किया जाएगा।

 

पार्टी नेताओं के अनुसार सम्मेलन में ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक के कार्यकर्ताओं को शामिल किया जाएगा। राहुल गांधी संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरने का काम करेंगे। माना जा रहा है कि वह कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने का संदेश भी देंगे।

 

गौरतलब है कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी सीट से हार के बाद राहुल गांधी लगातार समय-समय पर अमेठी आते रहे हैं। यह उनका चौथा दौरा होगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि राहुल गांधी का अमेठी से भावनात्मक रिश्ता हमेशा बना रहा है और उनके दौरे से कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।

 

जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल सिंह ने राहुल गांधी के कार्यक्रम की पुष्टि करते हुए बताया कि संगठन की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भारी संख्या में सम्मेलन में पहुंचने की अपील की है। राहुल गांधी के प्रस्तावित दौरे को लेकर अमेठी में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।