गाजीपुर: दिलदारनगर क्षेत्र के उसियां रेलवे फाटक के समीप बीती देर रात को विद्युत केबल में अचानक आग लगने से इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई. आग लगते ही स्थानीय लोगों में अफरा – तफरी मच गई और तत्काल इसकी सूचना विद्युत उपकेंद्र दिलदारनगर को दी गई.
सूचना मिलते ही विद्युत आपूर्ति रोक दी गई और विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त केबल की मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया. अवर अभियंता सुरेश कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण केबल में आग लगी है. विद्युत कर्मी मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुटे हैं तथा जल्द ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी.
घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस स्थान पर केबल में आग लगने की घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं. उनका आरोप है कि करीब 100 से 200 मीटर के दायरे में ऐसी घटनाएं बार-बार होने से राहगीरों और आसपास के लोगों में हमेशा हादसे का भय बना रहता है. ग्रामीणों ने विभाग से स्थायी समाधान कर सुरक्षित विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है.
















































