गोंडा : बहराइच जिले की मटेरा विधानसभा में आयोजित AIMIM की जनसभा के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस के पूर्व जिला महासचिव इफ्तिखार अंसारी ने AIMIM के नेताओं से सवाल करते हुए कहा कि पार्टी खुद को मुसलमानों की हितैषी और रहनुमा बताती है, लेकिन देवीपाटन मंडल की एकमात्र मुस्लिम महिला विधायक मोहतरमा मारिया शाह के मुद्दे पर उसकी चुप्पी समझ से परे है.
इफ्तिखार अंसारी ने कहा कि मटेरा विधानसभा से विधायक मारिया शाह देवीपाटन मंडल की अकेली मुस्लिम महिला जनप्रतिनिधि हैं. ऐसे में यदि AIMIM वास्तव में मुस्लिम समाज और महिलाओं के हितों की पक्षधर है, तो उसे इस विषय पर अपनी स्पष्ट राय रखनी चाहिए.
उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के तहत मटेरा से राजनीतिक अभियान शुरू करने वाली AIMIM का उद्देश्य मुस्लिम मतदाताओं को प्रभावित कर राजनीतिक लाभ हासिल करना है. अंसारी का कहना है कि पार्टी की राजनीति जमीनी मुद्दों से अधिक वोट बैंक केंद्रित दिखाई देती है.
कांग्रेस नेता ने अपने बयान में कहा कि उनकी नजर में AIMIM न तो मुस्लिम समाज की सच्ची हमदर्द है और न ही महिलाओं के अधिकारों की वास्तविक पक्षधर. उन्होंने पार्टी से अपने दावों और राजनीतिक कार्यों में सामंजस्य स्थापित करने की मांग की. इस बयान के बाद क्षेत्र की राजनीति में नई बहस छिड़ गई है और अब नजर AIMIM की प्रतिक्रिया पर टिकी हुई है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































