सुल्तानपुर : जनपद के थाना बन्धुआकला पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज होने के मात्र दो घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में थाना बन्धुआकला पुलिस ने यह कार्रवाई की। पीड़िता के परिजन द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना बन्धुआकला में मुकदमा संख्या 119/2026, धारा 64(1)/351(3) बीएनएस तथा 3/4 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के अनुसार ग्राम गढ़ऊपुर निवासी प्रभाकर पुत्र सुरेश कुमार पर वादी की बहन के साथ दुष्कर्म करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। मामला दर्ज होते ही थाना बन्धुआकला पुलिस सक्रिय हो गई और आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुकदमा दर्ज होने के करीब दो घंटे के भीतर ही थाना क्षेत्र स्थित सहाबागंज अंडरपास के पास से आरोपी प्रभाकर को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में बन्धुआकला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाने का कार्य किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मोहम्मद नासिर कुरैशी, हेड कांस्टेबल हरेन्द्र कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल मुकेश सिंह तथा कांस्टेबल अमरेश यादव शामिल रहे।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































