वृंदावन, मथुरा : नगर निगम द्वारा ई-रिक्शाओं के रूट में किए गए बदलाव के विरोध में शनिवार को चालकों ने प्रदर्शन कर नाराजगी जताई. चालकों ने आरोप लगाया कि रूट निर्धारण के नाम पर उनसे कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है. उन्होंने पूर्व निर्धारित रूट नंबर-4 को बहाल करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा.
प्रदर्शनकारी चालकों का कहना था कि उन्हें बिना ठोस कारण पुराने रूट से हटाकर रूट नंबर-4ए पर संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं. इससे उनकी आय प्रभावित हो रही है और रोजी-रोटी पर संकट खड़ा हो गया है. उनका यह भी आरोप है कि रूट परिवर्तन की प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है.
ई-रिक्शा चालक अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि वर्षों से निर्धारित रूट पर संचालन करने के बावजूद अचानक बदलाव कर दिया गया. दुर्गेश कुमार रूहेला ने कहा कि नए रूट के कारण यात्रियों की संख्या कम हो गई है, जिससे आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.
प्रदर्शन में रवि ठाकुर, आनंद यादव, हरिओम सिंह, जितेंद्र पाठक, मोहित चतुर्वेदी, विक्रम शर्मा, योगेश कुमार, नीरज, विनोद, अनुराग ठाकुर, मनोहर सिंह, अनिल, बल्लू चंद्र सहित अन्य चालक शामिल रहे. उन्होंने प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग करते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा.












































