अमेठी: दो दिन पहले हुई हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद थी, लेकिन इसके उलट उमस और बढ़ गई. रविवार को जिले में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. तेज धूप और वातावरण में बढ़ी नमी के कारण दिनभर लोग गर्मी और चिपचिपे मौसम से परेशान रहे.
बारिश के बाद मौसम में राहत की उम्मीद लगाए लोगों को रविवार को भी उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ा. सुबह से ही धूप तेज रही और दिन चढ़ने के साथ उमस का असर बढ़ता गया. घरों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर लोग पसीने से तरबतर नजर आए. दोपहर के समय आवश्यक कार्य से बाहर निकले लोग बार-बार छांव और ठंडे पानी की तलाश करते दिखाई दिए. बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली.
ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों और खेतों में काम कर रहे मजदूरों को भी गर्मी के कारण परेशानी उठानी पड़ी. किसान अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए हुए हैं, क्योंकि हल्की बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी नहीं बन पाई है. धान की रोपाई सहित अन्य खरीफ फसलों के लिए अभी और बारिश की आवश्यकता है.
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अमरनाथ मिश्र ने बताया कि दो दिन पहले हुई हल्की बारिश के कारण वातावरण में नमी बढ़ गई है. इसके बाद तेज धूप निकलने से उमस अधिक महसूस हो रही है. उन्होंने बताया कि मानसून की गतिविधियां धीरे-धीरे सक्रिय हो रही हैं और आने वाले दिनों में बादलों की आवाजाही के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. अच्छी वर्षा होने पर तापमान में कमी आएगी और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकेगीफिलहाल जिले के लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं, ताकि बढ़ती गर्मी और उमस से राहत मिल सके.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































