उत्तर प्रदेश : बारिश बनी आफत; उफनाई खुवासपुर नदी में बही बाइक, ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

सहारनपुर: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मिर्जापुर थाना क्षेत्र के घाड़ इलाके में जनजीवन प्रभावित हो गया है. खुवासपुर नदी में तेज बहाव के कारण गुरुवार को एक बाइक नदी की धारा में बह गई. मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डालकर बाइक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया.

जानकारी के अनुसार, शमीम नामक युवक नदी पार करने के दौरान तेज बहाव की चपेट में आ गया और उसकी बाइक पानी में बह गई. घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बाइक को बाहर निकाल लिया. घटना के बाद नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट गई.

घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई. उनका कहना है कि खुवासपुर नदी के पास की सड़क करीब दो वर्ष पूर्व आई बाढ़ में क्षतिग्रस्त हो गई थी, लेकिन अब तक उसका पुनर्निर्माण नहीं कराया गया. बरसात के मौसम में लोगों को जान जोखिम में डालकर इसी रास्ते से आवागमन करना पड़ता है.

ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत या पुनर्निर्माण करा दिया जाता तो इस तरह की घटनाओं से बचा जा सकता था. ग्रामीणों ने जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी है.

उधर, लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों, बरसाती नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है. प्रशासन ने कहा है कि किसी भी स्थिति में पानी के तेज बहाव के बीच से गुजरने का प्रयास न करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)