जसवंतनगर : अवैध कब्जे को लेकर तहसील प्रशासन का रुख सख्त दिखाई दे रहा है. पिछले कई दिनों दिनों से अवैध कब्जे की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उप जिलाधिकारी कुमार सत्यम जीत और तहसीलदार अभिजीत गौरव सख्त रख अपनाये हुए हैं.
ग्राम धरवार निवासी पान सिंह पुत्र ईश्वर दयाल और प्रधान ग्रामीण आदि के द्वारा गांव के भू अभिलेख में दर्ज गाटा संख्या 451 / 3 ऊसर भूमि पर उक्त गांव के ही एक दबंग द्वारा कई वर्षों से अवैध रूप से कब्जा करने की शिकायत की गई. शिकायत को संज्ञान में लेते हुए एसडीएम कुमार सत्यम जीत ने नायब तहसीलदार नेहा सचान को उक्त प्रकरण के निराकरण की जिम्मेदारी सौंपी.
बीते दिवस नायब तहसीलदार नेहा सचान अपनी राजस्व व पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और भू अभिलेख के सत्यापन के बाद अतिक्रमित लगभग दो बीघा जमीन को कब्जा मुक्त कराया. इसी प्रकार आइजीआरएस पोर्टल पर ग्राम भारद्धाजपुर के रहने वाले एक शिकायतकर्ता की शिकायत को संज्ञान में लेते हुए अवैध कब्जे को हटाया गया.
अधिकारियों ने चेतावनी दी कि कब्जा मुक्त जमीन पर यदि दोबारा अतिक्रमण की कोशिश की गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. टीम में क्षेत्रीय लेखपाल मनोज यादव लेखपाल मुनेश यादव शमशेर बहादुर सिंह जौनई चौकी इंचार्ज रविंद्र सिंह शामिल रहे.













































