उत्तर प्रदेश : स्कूली वाहनों पर एआरटीओ का सख्त एक्शन, 12 का चालान, 3 वाहन सीज

रायबरेली: स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने गुरुवार को जिले में विशेष अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की. एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद्र कटियार के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 12 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि गंभीर अनियमितताएं मिलने पर तीन वाहनों को मौके पर ही सीज कर दिया गया.

लगातार मिल रही शिकायतों और स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच के लिए परिवहन विभाग की टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और स्कूल मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस दौरान स्कूल वैन, ऑटो और बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई.

जांच में कई वाहन बिना वैध दस्तावेजों के संचालित होते मिले, जबकि कुछ वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी थी. कुछ वाहन बच्चों के आवागमन के लिए असुरक्षित स्थिति में पाए गए. ऐसे मामलों में विभाग ने 12 वाहनों का चालान किया और तीन वाहनों को सीज कर दिया.

एआरटीओ प्रवर्तन उमेश चंद्र कटियार ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा. उन्होंने स्कूल प्रबंधन और वाहन संचालकों को सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन तथा परिवहन विभाग के सभी सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए. उन्होंने चेतावनी दी कि बिना फिटनेस, परमिट या अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

परिवहन विभाग की इस कार्रवाई का अभिभावकों ने स्वागत करते हुए इसे बच्चों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)