बरेली: थाना फतेहगंज पश्चिमी क्षेत्र के ग्राम खरगपुर में अज्ञात चोरों ने एक ही रात में दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली. चोर पीछे की दीवार काटकर घरों में घुसे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. पीड़ित परिवारों ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है.
पीड़ित मनोज कुमार पुत्र रामपाल ने बताया कि 7 जुलाई की रात वह किसी कार्य से घर से बाहर गए थे, जबकि घर में उनके वृद्ध माता-पिता मौजूद थे. इसी दौरान चोर पीछे की दीवार काटकर घर में घुस गए और कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात तथा 10 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए.
पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान में सोने की कंठी, टीका, अंगूठियां, मंगलसूत्र, बच्चों के आभूषण तथा चांदी के बिछुए, पायल समेत अन्य कीमती जेवर शामिल हैं. चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है.
इसी रात चोरों ने गांव के ही धनपाल पुत्र पांडुराम के घर में भी पीछे की दीवार काटकर प्रवेश किया. वहां भी अलमारी का ताला तोड़कर जेवरात और नकदी चोरी कर ली. सुबह घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. पीड़ितों की तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी का प्रयास किया जाएगा.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































