रायबरेली : शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर पालिका परिषद ने एक बड़ा कदम उठाया है. अब महानगरों की तर्ज पर रायबरेली में भी अत्याधुनिक तरीके से कूड़े का उठान और निस्तारण किया जाएगा. इसके लिए नगर पालिका ने मनिका रोड पर करीब 45 लाख रुपये की लागत से एक आधुनिक स्टोर ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कराया है. इस स्टेशन के पूरी तरह सक्रिय होते ही शहरवासियों को कूड़े के ढेरों और उससे उठने वाली बदबू से हमेशा के लिए निजात मिल जाएगी.
प्रेशर मशीनों से बनेगा कूड़े का ‘गठ्ठर’
कूड़ा निस्तारण केंद्र शहर की सीमा से काफी दूर स्थित है, जिसके कारण वहां तक रोजाना भारी मात्रा में कूड़ा ले जाने में पालिका को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. वायु प्रदूषण को रोकने और इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए मनिका रोड पर यह ट्रांसफर स्टेशन बनाया गया है. यहां स्थापित की गई आधुनिक प्रेशर मशीनें कूड़े को दबाकर उसका रोल (गठ्ठर) बना देंगी. इससे कूड़े की बदबू बाहर नहीं फैलेगी और उसे आसानी से ट्रकों में लोड कर मुख्य निस्तारण संयंत्र तक पहुंचाया जा सकेगा.
एक बार में 10 ट्रक कूड़ा होगा एकत्रित
इस हाईटेक ट्रांसफर स्टेशन की क्षमता काफी अधिक है, जहां एक बार में करीब दस ट्रक कूड़ा एकत्रित किया जा सकता है. मशीनों द्वारा रोल किए जाने के बाद इस कूड़े को ट्रकों के जरिए मुख्य निस्तारण संयंत्र भेजा जाएगा, जहां जैविक कचरे से खाद तैयार की जाएगी। वहीं, प्लास्टिक कचरे को अलग कर उसे अन्य रीसाइक्लिंग कार्यों में इस्तेमाल किया जाएगा. इस पूरी प्रक्रिया से जहां वाहनों के फेरों में कमी आएगी, वहीं पालिका के खर्च में भी भारी बचत होगी.
ऑपरेटरों को दिया जाएगा विशेष प्रशिक्षण
नगर पालिका इस ट्रांसफर स्टेशन में लगी जटिल और आधुनिक मशीनों को सुचारू रूप से चलाने के लिए विशेष ऑपरेटर तैनात करेगी. मशीनों के संचालन में कोई तकनीकी बाधा न आए, इसके लिए ऑपरेटरों को पहले बाकायदा ट्रेनिंग (प्रशिक्षण) दी जाएगी ताकि वे बिना किसी परेशानी के काम कर सकें.
नगर पालिका ईओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि ट्रांसफर स्टेशन पूरी तरह बनकर तैयार हो गया है. इसके निर्माण पर 45 लाख रुपये की लागत आई है. स्टेशन को संचालित करने के लिए बिजली कनेक्शन का आवेदन कर दिया गया है. जैसे ही बिजली का कनेक्शन मिल जाता है, इसका संचालन तुरंत शुरू कर दिया जाएगा. इससे शहर में वायु प्रदूषण काफी हद तक कम होगा.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.













































