Uttar Pradesh : मुगलसराय में तेज आंधी के बाद झमाझम बारिश, उमस भरी गर्मी से लोगों को मिली राहत, तापमान में गिरावट

 

चंदौली : सोमवार को दिनभर उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे. तेज धूप और बढ़ी हुई नमी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा. शाम होते-होते मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई. बारिश की फुहारों ने पूरे नगर का मौसम सुहावना बना दिया.

तेज हवा और बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने भीषण उमस और गर्मी से राहत की सांस ली. कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे लोगों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी. बच्चों ने बारिश का आनंद लिया, जबकि कई लोग घरों की छतों और सड़कों पर निकलकर सुहाने मौसम का लुत्फ उठाते नजर आए.

हालांकि तेज आंधी के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ों की टहनियां टूटकर सड़क पर गिर गईं, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित हुआ. बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली. इसके बावजूद अधिकांश लोगों ने मौसम के इस बदलाव का स्वागत किया और इसे गर्मी से बड़ी राहत बताया.

मौसम में आए इस बदलाव से किसानों के चेहरे भी खिल उठे. उनका मानना है कि बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई और खेती-किसानी के कार्यों को भी लाभ मिलेगा. सोमवार की यह झमाझम बारिश नगरवासियों के लिए राहत और सुकून लेकर आई.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.