अमेठी : जिले में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभाग ने पिछले एक महीने में 113 ओवरलोड वाहनों का चालान किया. वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले 49 वाहनों को सीज कर दिया गया और करीब 25 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया.
परिवहन विभाग की टीम जिले के प्रमुख मार्गों, हाईवे और संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चला रही है. जांच के दौरान क्षमता से अधिक माल ढोने वाले वाहनों के साथ-साथ बिना वैध परमिट, फिटनेस सर्टिफिकेट और अन्य आवश्यक दस्तावेजों के संचालित वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है.
एआरटीओ एम. बी. गुप्ता ने बताया कि ओवरलोड वाहन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे वाहन न केवल सड़कों को नुकसान पहुंचाते हैं बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी बढ़ाते हैं। कई बार अधिक भार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर हादसों का कारण बनते हैं, जिससे जान-माल की क्षति होती है.
Also Read – पारिवारिक कलह में खूनी संघर्ष : देवर ने भाभी पर गड़ासे से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
एआरटीओ ने कहा कि परिवहन विभाग का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं है, बल्कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है। इसी उद्देश्य से जिले में नियमित रूप से विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि वाहन संचालक नियमों का पालन करें और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनी रहे.
विभाग की ओर से वाहन मालिकों और चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित क्षमता के अनुसार ही माल परिवहन करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए और सुरक्षित परिवहन व्यवस्था स्थापित हो सके.











































