सहारनपुर : जनपद के थाना बेहट क्षेत्र के ग्राम कलसिया में बच्चे के रास्ते में बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया. घटना देर रात की बताई जा रही है, जब दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई और कुछ ही देर में मामला हिंसक मारपीट तक पहुंच गया. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने अपने रिश्तेदारों को आसपास के अलग-अलग गांवों से बुलाकर लाठी-डंडों और अन्य हथियारों के साथ हमला कर दिया.
इस हमले में महिला और बच्चों सहित आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. ग्रामीणों और परिजनों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मामूली रूप से घायल लोगों को घर भेज दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है. वहीं, घटना की सूचना मिलते ही थाना बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. गांव में एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)
















































