उत्तर प्रदेश : बाराबंकी में भैंस चराने निकले दो बच्चों की नदी में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम

बाराबंकी : रामनगर थाना क्षेत्र के करसा कला गांव के पास शुक्रवार दोपहर सुमली नदी में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे.

जानकारी के अनुसार, पुरैना निवासी 11 वर्षीय अर्पित (पुत्र सियाराम) और रतनपुर निवासी 13 वर्षीय अतुल (पुत्र दयाराम) शुक्रवार को भैंस चराने निकले थे. दोपहर में भैंसों के साथ वे सुमली नदी में नहाने उतरे. शुरुआत में वे कम गहरे पानी में थे, लेकिन धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर चले गए और डूबने लगे.

नदी में मौजूद अन्य बच्चों ने उन्हें डूबते देखा. उन्होंने तुरंत शोर मचाकर परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जमा हो गए और बच्चों की तलाश शुरू कर दी.

Also Read: UP: उमरिया में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म का आरोप, आरोपी पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद 112 पीआरबी और रामनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया. स्थानीय गोताखोरों ने तलाश के बाद पहले एक बच्चे का शव नदी से बाहर निकाला. लगभग एक घंटे बाद दूसरे बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया.

मौके पर उपजिलाधिकारी आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार विपुल सिंह, क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत, थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह और चौकी इंचार्ज रजनीश कुमार पांडेय सहित कई पुलिसकर्मी मौजूद रहे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है.

तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि दोनों बच्चों की मौत नदी में डूबने से हुई है. नियमानुसार सरकारी सहायता दिलाने की कार्रवाई की जाएगी. क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत ने जानकारी दी कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)