उत्तर प्रदेश : मैनपुरी में शहीद BSF जवान की पत्नी का गंभीर आरोप, स्मारक निर्माण रुकवाया, लेखपाल पर रिश्वत मांगने का भी आरोप

मैनपुरी: थाना एलाऊ क्षेत्र के ग्राम ध्यानपुर मढ़ैया निवासी शहीद बीएसएफ जवान की पत्नी ने शहीद स्मारक के निर्माण कार्य में अवैध हस्तक्षेप, धन उगाही और उत्पीड़न के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की है.

पीड़िता शीला देवी, पत्नी स्वर्गीय अनार सिंह यादव, ने बताया कि उनके पति BSF में तैनात थे और वर्ष 2017 में आजमगढ़ में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए थे. उनकी स्मृति में नगला हुलासी रोड स्थित पैतृक भूमि पर शहीद स्थल का सुंदरीकरण और प्रतिमा स्थापना का कार्य कराया जा रहा था.

आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान गांव के प्रमोद कुमार, मुकेश कुमार और समोद कुमार मौके पर पहुंचे और कार्य को जबरन रुकवा दिया. उन्होंने जेसीबी मशीन भी बंद करा दी तथा मौके पर मौजूद उनकी बहू रूबी देवी के साथ अभद्र व्यवहार किया. सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची, जिसके बाद आरोपित वहां से चले गए.

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में समोद कुमार ने निर्माण कार्य जारी रखने के एवज में छह लाख रुपये की मांग की और रकम न देने पर कार्य नहीं होने देने की धमकी दी. वहीं, क्षेत्रीय लेखपाल रूबी कुमारी पर भी विपक्षी पक्ष से मिलीभगत कर पैमाइश के नाम पर 35 हजार रुपये की अवैध मांग करने का आरोप लगाया गया है.

पीड़िता का कहना है कि संबंधित भूमि उनकी पैतृक संपत्ति है और वर्षों से उनके कब्जे में है. उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने तथा शहीद स्मारक के निर्माण कार्य को बिना किसी बाधा के पूरा कराए जाने की मांग की है.

एसडीएम भोगांव नीरज द्विवेदी ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है.शिकायत प्राप्त होने पर तथ्यों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा समस्या का शीघ्र समाधान कराया जाएगा.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)