उत्तर प्रदेश : बलिया में कचहरी से लौट रही महिला पर पति-ससुर का हमला, सरेराह मारपीट कर मुकदमा वापस लेने का बनाया दबाव

बलिया : उत्तर प्रदेश के बलिया के जनपद में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चल रहे तमाम दावों के बीच एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शुक्रवार को कचहरी से लौट रही एक महिला को उसके पति और ससुर ने रास्ते मे रोककर न केवल बदसलूकी की, बल्कि मारपीट कर उसे घायल भी कर दिया. इस सम्बंध में पीड़िता ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है.

मिली जानकारी के अनुसार पीड़िता ने बताया कि मेरे पति और ससुराल पक्ष के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा है, जिसका मामला न्यायालय में विचाराधीन है. पीड़िता का कहना है कि आज वह भरण-पोषण के मुकदमे की तारीख पर जिला न्यायालय गई थी.

पीड़िता के अनुसार दोपहर करीब 12;30 बजे जब वह कचहरी से लौटकर चित्तू पांडेय चौराहे के दक्षिण दिशा में पहुंची, तो पहले से घात लगाए बैठे ससुर और पति ने उसकी स्कूटी रोक ली. आरोप है कि पति और ससुर ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, उसका दुपट्टा खींचने की कोशिश की, जिससे वह असहज हो गई. विरोध करने पर दोनों आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर उसे घायल कर दिया.

पीड़िता ने बताया कि मारपीट के दौरान आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचाई. आरोप है कि आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहे थे और मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे. पीड़िता द्वारा 112 नम्बर पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी अपनी मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए. घटना के बाद पीड़िता ने अपने पिता को सूचना दी और कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित तहरीर दी. पुलिस मामले की जांच में जुटी हैं.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)