उत्तराखंड: धामी कैबिनेट में बड़ा विस्तार! इन 5 नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ, जानिए पूरी लिस्ट

उत्तराखंड की राजनीति में आज एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया। देहरादून स्थित लोक भवन में शुक्रवार सुबह 10 बजे आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने नव नियुक्त मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस विस्तार के साथ ही मंत्रिमंडल में कुल मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।

इन विधायकों को मिला कैबिनेट में स्थान

मंत्रिमंडल विस्तार में पांच विधायकों को कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। राजपुर रोड (देहरादून) से विधायक खजान दास, हरिद्वार से मदन कौशिक, भीमताल से राम सिंह कैड़ा, रुद्रप्रयाग से भरत चौधरी और रुड़की से प्रदीप बत्रा को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सभी नेताओं ने शपथ लेकर अपने नए दायित्वों की शुरुआत की।

Also Read: उत्तराखंड में धामी सरकार का ऐतिहासिक फैसला, मदरसा बोर्ड पूरी तरह खत्म

खाली पदों की पृष्ठभूमि और विस्तार की जरूरत

धामी मंत्रिमंडल में लंबे समय से पांच पद खाली चल रहे थे। पहले कैबिनेट में तीन पद रिक्त थे, लेकिन अप्रैल 2023 में मंत्री चंदन राम दास के निधन और 2025 में प्रेम चंद्र अग्रवाल के इस्तीफे के बाद खाली पदों की संख्या बढ़कर पांच हो गई थी। इस कारण सरकार पर मंत्रिमंडल विस्तार का दबाव लगातार बना हुआ था।

चुनाव से पहले रणनीतिक कदम माना जा रहा विस्तार

पिछले दो वर्षों में कई बार मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन आज इन पर विराम लग गया। आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए इस विस्तार को रणनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इससे सरकार संगठनात्मक संतुलन बनाने और राजनीतिक संदेश देने में सफल होगी।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.