IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी का तूफान! चौके-छक्कों की बारिश कर तोड़ा एक और वर्ल्ड रिकॉर्ड

IPL 2026 का सीजन युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार साबित हुआ। राजस्थान रॉयल्स भले ही फाइनल में जगह बनाने से चूक गई, लेकिन 15 वर्षीय बल्लेबाज ने अपने प्रदर्शन से पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान खींचा। 16 मुकाबलों में 776 रन बनाकर उन्होंने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए और सीजन के सबसे चर्चित खिलाड़ियों में शामिल रहे।

क्वालीफायर-2 में खेली शानदार 96 रन की पारी

गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 में वैभव सूर्यवंशी ने 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। वह शतक से सिर्फ चार रन दूर रह गए, लेकिन उनकी इस पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। यह इस सीजन तीसरा मौका था जब वह शतक के बेहद करीब पहुंचकर उसे पूरा नहीं कर सके।

Also Read: वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास : 39 साल पुराना वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा, लिस्ट-ए क्रिकेट के सबसे युवा शतकवीर बने

जोस बटलर का विश्व रिकॉर्ड टूटा

इस पारी के साथ वैभव का आईपीएल 2026 में कुल बाउंड्री काउंट 135 तक पहुंच गया। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 63 चौके और 72 छक्के लगाए। इसके साथ ही उन्होंने एक टी20 सीरीज या टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने का विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड जोस बटलर के नाम था, जिन्होंने आईपीएल 2022 में 128 बाउंड्री लगाई थीं।

दिग्गज बल्लेबाजों को छोड़ा पीछे

टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वालों की सूची में अब वैभव शीर्ष पर पहुंच गए हैं। इस सूची में विराट कोहली, डेविड वॉर्नर और शुभमन गिल जैसे दिग्गज भी शामिल हैं। वैभव का 135 बाउंड्री का आंकड़ा टी20 क्रिकेट इतिहास में किसी एक सीजन या टूर्नामेंट में सबसे अधिक है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी का प्रमाण है।

Also Read: 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी का तूफानी धमाका, 26 गेंद पर 78 रन की विस्फोटक पारी; राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी को 6 विकेट से हराया, लगातार चौथी जीत

रन बनाने के मामले में भी खास उपलब्धि

776 रन के साथ वैभव सूर्यवंशी एक आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। भारतीय खिलाड़ियों में वह तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में सबसे ऊपर विराट कोहली का नाम है, जिन्होंने आईपीएल 2016 में 963 रन बनाए थे। वहीं शुभमन गिल 2023 में 890 रन बनाकर दूसरे सबसे सफल भारतीय बल्लेबाज रहे। कम उम्र में वैभव की यह उपलब्धि भविष्य में और बड़े रिकॉर्डों की ओर इशारा करती है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)