UP: मंदिर के पास मिले मांस के टुकड़े से मचा हड़कंप! सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा

UP: फतेहपुर शहर कोतवाली क्षेत्र के चौक बाजार स्थित हनुमान मंदिर के समीप शुक्रवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब कुछ व्यापारियों ने पुलिस को सूचना दी कि मंदिर के पास खाली पड़े एक प्लॉट में किसी पशु के शरीर का अंग पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल स्थिति का जायजा लिया।

बताया जाता है कि शाम करीब चार से साढ़े चार बजे के बीच मंदिर के निकट पड़े मांस के टुकड़े को देखकर स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस ने तत्काल उस अंग को वहां से हटवाकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी।

जांच के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के सभी प्रवेश एवं निकास मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही व्यापारियों एवं स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की गई। प्रारंभिक तौर पर कुछ लोगों ने इसे किसी व्यक्ति विशेष की हरकत बताते हुए विरोध जताया, लेकिन पुलिस ने संयम बरतने और जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील की।

Also Read: अमेठी में दबंगों का कहर! सामान लेने गए युवक पर कुल्हाड़ी-रॉड से जानलेवा हमला, वारदात CCTV में कैद

लगातार सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस के सामने जो तथ्य आए, उन्होंने पूरे मामले की तस्वीर साफ कर दी। फुटेज में एक आवारा कुत्ता मांस का टुकड़ा मुंह में दबाकर ले जाता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने लगभग 700 से 800 मीटर तक विभिन्न कैमरों के माध्यम से उसकी गतिविधियों को ट्रैक किया। जिस स्थान पर मांस का टुकड़ा मिला था, वहां भी फुटेज में स्पष्ट रूप से कुत्ता ही उसे लाते हुए दिखाई दिया।

पुलिस ने संबंधित फोटो और वीडियो फुटेज स्थानीय व्यापारियों, संभ्रांत नागरिकों तथा अन्य लोगों को दिखाए, जिसके बाद सभी लोग संतुष्ट हो गए। मामले की वास्तविकता सामने आने के बाद क्षेत्र में शांति का माहौल कायम हो गया।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा कर दिया है। उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना को आगे न बढ़ाएं और सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने से बचें।

Also Read: रायबरेली में ‘सिंघम’ बनी लड़की! बीच सड़क पर मनचले की चप्पलों से ‘सर्विस’

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि मामले में किसी व्यक्ति की संलिप्तता नहीं पाई गई है तथा वर्तमान में क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)