वाराणसी: गंगा में नाव पर चिकन-शराब पार्टी के पांचों आरोपी जमानत पर रिहा, वायरल वीडियो पर हुई थी कार्रवाई

वाराणसी: गंगा नदी के बीच नाव पर चिकन पकाने और शराब पार्टी करने के मामले में गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों को अदालत से जमानत मिल गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने धार्मिक भावनाएं आहत करने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की थी।

वीडियो में दिखी थी नाव पर पार्टी

सोमवार शाम वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक गंगा नदी के बीच नाव पर खाना बनाते और शराब व बीयर का सेवन करते नजर आए थे। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने नाराजगी जताई, जिसके बाद दशाश्वमेध पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान शुरू की।

Also Read: गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी और नॉनवेज…वाराणसी में मुस्लिम युवकों पर FIR

सर्विलांस की मदद से पांचों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने जांच के दौरान दीपक कुमार, अजय साहनी, अरुण कुमार साहनी, अनुराग निषाद और राहुल साहनी को गिरफ्तार किया था। सभी आरोपी रामनगर क्षेत्र के रहने वाले हैं और नाव चलाकर अपना जीवनयापन करते हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संबंधित नाव को भी जब्त कर लिया था।

अदालत ने शर्तों के साथ दी राहत

बुधवार को कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने सभी आरोपियों को राहत देते हुए जमानत मंजूर कर ली। अदालत ने प्रत्येक आरोपी को 20-20 हजार रुपये के दो जमानतदार और निजी मुचलका प्रस्तुत करने की शर्त पर रिहा करने का आदेश दिया।

Also Read: ‘गंगा अब माई नहीं, कमाई हो गई…’, वाराणसी में इफ्तार पार्टी पर बोले स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

छह महीने पुराना निकला वीडियो

दशाश्वमेध एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी के मुताबिक, जांच में पता चला कि वीडियो हाल का नहीं बल्कि करीब छह महीने पुराना है, जिसे हाल ही में सोशल मीडिया पर साझा किया गया। पुलिस के अनुसार पार्टी में शामिल एक युवक ने ही वीडियो बनाया था और उसमें मौजूद लोगों का परिचय भी दिया था। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मार्च में गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी का वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कार्रवाई के बाद गिरफ्तार लोगों को बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिली थी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)