वाराणसी: BHU में BFA छात्रों का धरना, प्रैक्टिकल कॉपियों की दोबारा जांच की मांग

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के केंद्रीय कार्यालय के बाहर मंगलवार को BFA के छात्र-छात्राओं ने प्रैक्टिकल परीक्षा में कथित अनियमितता के विरोध में धरना दिया। हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर पहुंचे विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रैक्टिकल कॉपियों की दोबारा जांच और मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की मांग की। सूचना पर प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम भी मौके पर पहुंची।

प्रदर्शन कर रही छात्रा नसी चंद ने आरोप लगाया कि 400 अंकों के प्रैक्टिकल में कई विद्यार्थियों को उनकी उम्मीद से काफी कम अंक दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उन्हें 350 अंक मिले थे, जबकि इस बार 215 अंक दिए गए। एक अन्य छात्र ने बताया कि पिछले साल उसे 365 अंक मिले थे, लेकिन इस बार करीब 240 अंक ही मिले हैं। छात्रों ने अपने पिछले और इस वर्ष के आर्टवर्क दिखाते हुए मूल्यांकन पर सवाल उठाए।

Also Read: UP: BHU बिरला ‘ए’ हॉस्टल के बाहर छात्रों का धरना, अव्यवस्थाओं के विरोध में किताब-बैग लेकर बैठे

तीन प्रमुख मांगें

छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं। पहली, सभी प्रैक्टिकल कॉपियों की दोबारा जांच कराई जाए। दूसरी, री-चेकिंग पूरी होने तक फीस भुगतान की प्रक्रिया रोकी जाए। तीसरी, 400 अंकों के प्रैक्टिकल में अंक देने का स्पष्ट आधार विद्यार्थियों को बताया जाए। छात्रों का कहना है कि उन्हें यह जानकारी मिलनी चाहिए कि किस आधार पर अंक काटे गए और मूल्यांकन के लिए क्या मानक तय किए गए थे।

शनिवार से समाधान का इंतजार

विद्यार्थियों के अनुसार, वे अपनी शिकायत लेकर शनिवार को भी विश्वविद्यालय पहुंचे थे। उस समय समस्या पर बातचीत का आश्वासन दिया गया था। रविवार को फैकल्टी की टीम ने छात्रों से संपर्क कर उनके मोबाइल नंबर और ई-मेल विवरण भी लिए। सोमवार को समाधान की उम्मीद थी, लेकिन स्पष्ट जवाब नहीं मिलने पर मंगलवार को छात्र फिर केंद्रीय कार्यालय पहुंचे और धरने पर बैठ गए। छात्रों ने दावा किया कि प्रैक्टिकल परीक्षा में करीब दो से तीन हजार विद्यार्थी शामिल हुए थे और बड़ी संख्या में छात्र कम अंक मिलने से प्रभावित हैं। उनका कहना है कि कई विद्यार्थी दूर-दराज के जिलों से आते हैं, इसलिए सभी प्रदर्शन में शामिल नहीं हो सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.