वाराणसी: 10 हजार के विवाद में सनकी युवक ने कार से तीन को रौंदा, एक की हालत गंभीर

वाराणसी: जैतपुरा थाना क्षेत्र के पहड़िया मंडी स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने 10 हजार रुपये के लेनदेन का विवाद सोमवार देर रात खूनी संघर्ष में बदल गया। पहले दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, इसके बाद एक युवक ने गुस्से में अपनी कार से तीन लोगों को जानबूझकर टक्कर मार दी। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक होने पर उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। पुलिस ने मामले में आरोपी चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है तथा घटना में प्रयुक्त कार भी कब्जे में ले ली है।

पुलिस के अनुसार, 26 जुलाई की रात करीब 11 बजे चंदौली निवासी विशाल सिंह और गोलू चौधरी के बीच 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इस दौरान गोलू चौधरी, उसके साथी अनीश गौतम और अन्य लोगों ने विशाल सिंह के छोटे भाई विवेक सिंह के साथ मारपीट की।

Also Read: UP: देवबंद में युवक की हत्या से सनसनी, दोस्ती की आड़ में घर से बुलाकर खेत में उतारा मौत के घाट

मारपीट से आक्रोशित विशाल सिंह ने अपनी शेवरलेट क्रूज कार (जीजे-06-एफक्यू-0808) को तेज रफ्तार से मौके की ओर दौड़ा दिया। आरोप है कि उसने जानबूझकर कई बार कार को विशाल पटेल की ओर मोड़ा और उसे टक्कर मारी। इस दौरान वहां मौजूद दिलीप सोनकर और अधिवक्ता हरिवंश मिश्रा भी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए दौड़ पड़े। बताया जा रहा है कि इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद पुलिस मूकदर्शक बनी रही।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल पंडित दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विशाल पटेल की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जबकि अन्य दोनों घायलों का इलाज जारी है।

Also Read: UP: मिर्जापुर में होमगार्ड जवानों ने बीओ पर लगाए अवैध वसूली के आरोप, डीएम से की जांच की मांग

घटना की सूचना मिलते ही जैतपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में पूरी घटना कैमरे में कैद मिली। घायल दिलीप सोनकर की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 171/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 एवं 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को जब्त कर आरोपी विशाल सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.