जौनपुर: शाहगंज में उचक्कों ने ठगी का ऐसा जाल बिछाया कि एक महिला उनकी बातों में आ गई। नकली नोटों की गड्डी का लालच देकर पहले भरोसा जीता और फिर महिला के गले से सोने की चेन और कानों की बालियां लेकर फरार हो गए। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मामला शाहगंज कोतवाली क्षेत्र का है, जहां जनपद आजमगढ के निवासी बेलवाई गांव अपने रिश्तेदार के यहां आटो पकड़ने के लिए इंतजार कर रही थी । उसका आरोप हैं कि शाहगंज कस्बे में दो अज्ञात युवकों ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया। युवकों ने कहा कि उनका एक परिचित पैसे लेकर आने वाला है और यदि महिला उनकी मां बनकर साथ खड़ी हो जाए तो वे उससे पैसे ले लेंगे और बाद में आपस में बांट लेंगे।
Also Read: कांवड़ यात्रा 2026: सहारनपुर में 85 सेवा शिविर तैयार, प्लास्टिक पर रहेगा पूरा प्रतिबंध
महिला उनके झांसे में आ गई। आरोप यह भी है कि दोनों उचक्कों ने एक पोटली में कागज की गड्डी को नोटों जैसा दिखाकर महिला का विश्वास जीत लिया। इसके बाद वे महिला को शाहगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाहर लेकर पहुंचे, जहां मौका पाकर महिला की सोने की चेन और कान की बालियां लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही शाहगंज कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस महिला द्वारा बताए गए रास्तों और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दोनों आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।
जौनपुर में दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि ठग अब नए-नए हथकंडों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के लालच या झांसे में न आएं और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

















































