वाराणसी: काशीवासियों को सितंबर के अंतिम सप्ताह में दो बड़ी परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है। गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम और कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक बनने वाले अर्बन रोपवे के उद्घाटन की तैयारियां तेज हो गई हैं। दोनों परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजी जा चुकी है। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इन दोनों परियोजनाओं का उद्घाटन कराया जा सकता है।
हालांकि, प्रधानमंत्री का वाराणसी दौरा अभी आधिकारिक रूप से प्रस्तावित नहीं है और उनके कार्यक्रम को लेकर अंतिम निर्णय भी नहीं हुआ है। जिला प्रशासन ने दोनों परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से प्रधानमंत्री कार्यालय को अवगत करा दिया है।गंजारी में करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अंतिम चरण में पहुंच गया है। परियोजना का करीब 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। सितंबर के अंतिम सप्ताह तक निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
स्टेडियम में फ्लड लाइट लगाने के साथ दर्शक दीर्घा में सीटों का काम भी पूरा हो चुका है। यहां एक साथ करीब 30 हजार दर्शक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच देख सकेंगे। भविष्य में दर्शक क्षमता को बढ़ाकर 40 हजार करने की भी योजना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2023 में स्टेडियम का शिलान्यास किया था।कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक करीब 3.75 किलोमीटर लंबी रोपवे परियोजना भी अंतिम चरण में है। परियोजना के कैंट, काशी विद्यापीठ और रथ यात्रा स्टेशनों का काम पूरा हो चुका है, जबकि गोदौलिया स्टेशन का निर्माण तेजी से चल रहा है।
रोपवे का अंतिम ट्रायल भी किया जा रहा है। परियोजना शुरू होने के बाद यात्रियों को कैंट से गोदौलिया तक आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसे एशिया की पहली शहरी सार्वजनिक परिवहन रोपवे परियोजना के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसके शुरू होने से काशी आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।


















































