इटावा : इटावा जनपद के वैदपुरा थाना क्षेत्र के नगला करन गांव में बकरियों की मौत का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। गांव निवासी सुंदर सिंह पुत्र भूरे सिंह ने थाना वैदपुरा में लिखित तहरीर देकर गांव के ही एक युवक पर उनकी बकरियों को जहरीला पदार्थ एवं यूरिया खाद खिलाकर मारने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद पीड़ित परिवार में दुख और ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित सुंदर सिंह के अनुसार उनकी बकरियां रोज की तरह गांव के आसपास चरने गई थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव के एक युवक ने जानबूझकर बकरियों को यूरिया खाद खिला दी। कुछ समय बाद बकरियों की हालत अचानक बिगड़ने लगी। बकरियां तड़पने लगीं, जिसके बाद परिजन उन्हें बचाने के लिए उपचार कराने ले गए, लेकिन तब तक दो बकरियों की मौत हो चुकी थी। अन्य बकरियों की हालत भी खराब बताई जा रही है।
सुंदर सिंह ने बताया कि बकरियां ही उनके परिवार की आय का प्रमुख साधन थीं और इस घटना से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने आरोपित युवक के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। मामले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्रामीणों ने घटना को दुर्भावनापूर्ण बताते हुए दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
वहीं वैदपुरा थाना पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।














































