रायबरेली। ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव में गुरुवार की सुबह उस वक्त कोहराम मच गया, जब एक युवक का शव उसके घर के टीनशेड में संदिग्ध परिस्थितियों में लटकता पाया गया। बताया जा रहा है कि युवक अपनी पत्नी के छोड़कर जाने से गहरे सदमे में था। एक साल पहले जिस घर में शहनाइयां गूँजी थीं, वहां अब मातम पसरा है।
साल भर भी नहीं टिकी गृहस्थी, खामोश हो गया हरिकेश
जानकारी के मुताबिक, दौलतपुर निवासी हनुमान का 35 वर्षीय बेटा हरिकेश खुशमिजाज इंसान था। करीब एक साल पहले उसकी शादी बड़े धूमधाम से कंदराँवां गांव में हुई थी। परिजनों का कहना है कि शादी के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन पिछले एक महीने से उसकी दुनिया उजड़ गई थी। पत्नी से अनबन के बाद वह उसे छोड़कर मायके चली गई थी।
अंदर ही अंदर घुट रहा था युवक
ग्रामीणों की मानें तो पत्नी के वियोग और सामाजिक लोकलाज के कारण हरिकेश मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। वह अक्सर गुमसुम रहता था। गुरुवार की सुबह जब परिजन टीनशेड की ओर गए, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। हरिकेश का शव बल्ली में रस्सी के सहारे झूल रहा था। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और चीख-पुकार मच गई।
पुलिस की छानबीन जारी
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। क्या यह महज जुदाई का गम था या इसके पीछे कोई और घरेलू विवाद, पुलिस अब इन कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। फिलहाल, जवान बेटे की मौत से बूढ़े पिता हनुमान और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।











































