आगरा। रिश्तों के विश्वास को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे आगरा को स्तब्ध कर दिया। सिकंदरा थाना क्षेत्र की रेणुका धाम कॉलोनी में एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर शव को घर के बाथरूम में दफना दिया। इतना ही नहीं, वारदात को छिपाने के लिए शव के ऊपर मिट्टी भरवाकर प्लास्टर कराया गया और नई टाइल्स लगवा दी गईं। इसके बाद करीब 45 दिनों तक वह पति के लापता होने का नाटक करती रही और गुमशुदगी तक दर्ज करा दी।
शुक्रवार को पुलिस एक अन्य मामले में सत्यापन के लिए घर पहुंची तो महिला का व्यवहार संदिग्ध लगा। पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद बाथरूम की खुदाई कराई गई, जहां से पति का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
मृतक की पहचान 44 वर्षीय सुरेंद्र कुमार शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भरतपुर के रंजीत नगर के निवासी थे और परिवार के साथ आगरा के दहतोरा स्थित रेणुका धाम कॉलोनी में रह रहे थे। परिवार में पत्नी रूबी, मां कमला देवी और दो बेटियां हैं। सुरेंद्र 18 मई से लापता बताए जा रहे थे। 26 मई को पत्नी रूबी ने स्वयं उनके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी और लगातार यही कहती रही कि पति अचानक कहीं चले गए हैं।
जांच के दौरान पुलिस को बाथरूम की फर्श पर संदेह हुआ। जब खुदाई कराई गई तो सभी के होश उड़ गए। फर्श के नीचे दफन सुरेंद्र का शव मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि हत्या के बाद शव को बाथरूम में दबाकर ऊपर से प्लास्टर और टाइल्स लगवा दी गई थीं, ताकि किसी को शक न हो।
पूछताछ में रूबी ने स्वीकार किया कि उसने हत्या के बाद शव को मिट्टी से ढककर प्लास्टर कराया था। इसके लिए करीब डेढ़ महीने पहले मिस्त्री और मजदूर भी बुलाए गए थे। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
मृतक के भाई अनिल शर्मा ने बताया कि सुरेंद्र शराब पीने का आदी था, जिस कारण पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। 18 मई को रूबी ने फोन कर कहा था कि पुलिस घर पर आई है, इसलिए मां और दोनों बच्चियों को अपने साथ ले जाएं। बाद में उसने यही कहा कि सुरेंद्र कुछ दिनों के लिए घर छोड़कर चले गए हैं। कई दिनों तक कोई सुराग नहीं मिलने पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई, लेकिन शुक्रवार सुबह रूबी ने खुद फोन कर बुलाया और बताया कि सुरेंद्र का शव बाथरूम में दफन है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारण, घटनाक्रम और अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की गहन जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना केवल एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों में टूटते विश्वास और अपराध की भयावह मानसिकता का ऐसा उदाहरण है जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है।














































