फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद के कंपिल थाना क्षेत्र के रौकरी गांव में देसी शराब के ठेके को लेकर महिलाओं का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं ठेके के बाहर पहुंचीं और जोरदार प्रदर्शन करते हुए इसे तुरंत हटाने की मांग की।
महिलाओं का कहना है कि शाम होते ही ठेके पर शराबियों का जमावड़ा लग जाता है। नशे में धुत लोग सड़क किनारे बैठकर शराब पीते हैं, गाली-गलौज करते हैं और आने-जाने वाली महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। इस वजह से गांव की महिलाओं और लड़कियों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है और माहौल पूरी तरह बिगड़ चुका है।
Also Read: साजिश, पैसा और झूठ का जाल: राजा रघुवंशी हत्याकांड में भाई विपिन के सनसनीखेज आरोप
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर पहले भी कई बार प्रशासन से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
बुधवार दोपहर करीब तीन बजे जब महिलाओं का गुस्सा फूटा तो वे एकजुट होकर ठेके पर पहुंचीं और प्रदर्शन तेज कर दिया। स्थिति बिगड़ती देख ठेके के कर्मचारी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर महिलाओं को शांत कराया।
इस बीच गांव निवासी ऋषिपाल ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर ठेका हटाने की मांग उठाई है।
वहीं, आबकारी विभाग का कहना है कि यह ठेका ग्राम पंचायत कमरुद्दीन नगर के नाम से विधिवत आवंटित है और सभी कागजी प्रक्रिया पूरी है। विभाग के अनुसार, यह दुकान पिछले करीब 8 वर्षों से संचालित हो रही है और ग्राम प्रधान की सहमति भी प्राप्त है।
अब सवाल यह है कि महिलाओं के इस उग्र विरोध के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है—क्या ठेका हटेगा या ग्रामीणों को फिर इंतजार करना पड़ेगा।

















































