‘1 किलो सोना पिघलाया, 3 आरोपियों से लाखों का कैश-गोल्ड और कार बरामद…’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड में सनसनीखेज खुलासा

राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने कस्टडी रिमांड पर लिए गए तीन आरोपियों अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय से करीब 40 घंटे तक पूछताछ की। रिमांड के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर एक कार, लाखों रुपये के सोने के गहने और नकदी बरामद की गई। पूछताछ पूरी होने के बाद तीनों को दोबारा जिला जेल भेज दिया गया। अब तक इस मामले में चार आरोपियों को रिमांड पर लिया जा चुका है, जबकि टिन्नू यादव और मनीष को भी जल्द रिमांड पर लेने की तैयारी चल रही है।

घरों पर छापेमारी में मिला चोरी का सामान, निवेश के भी मिले सुराग

रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों को उनके घरों और अन्य स्थानों पर लेकर पहुंची। लवकुश मिश्रा के घर से उसकी पत्नी को उपहार में दिया गया सोने का लॉकेट और करीब 35 हजार रुपये नकद मिले। वहीं अनुकल्प मिश्रा के मकान से सोने की चेन, करीब 15 हजार रुपये और उसके पिता के नाम खरीदी गई कार बरामद हुई। करुणेश पांडेय के किराये के मकान से भी नकदी बरामद की गई। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की रकम का एक हिस्सा शेयर बाजार में निवेश किया गया था, जिसके दस्तावेज पुलिस ने कब्जे में ले लिए हैं।

Also Read: राम मंदिर चढ़ावा चोरी घोटाला: 13 घंटे की रिमांड पर अविनाश शुक्ला, साक्ष्य जुटाने में जुटी पुलिस

एक किलो सोना गलाने और संपत्ति खरीदने का दावा

जांच के दौरान अनुकल्प मिश्रा ने खुलासा किया कि दान में आए करीब एक किलो सोने को एक सराफा कारोबारी के माध्यम से गलवाया गया था। आरोप है कि उससे मिली रकम का उपयोग संपत्तियां खरीदने में किया गया। पुलिस अब संबंधित सराफा कारोबारी की भूमिका की भी जांच कर रही है। साथ ही अनुकल्प के करीब 70 लाख रुपये मूल्य के मकान, भूमि और अन्य संपत्तियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है, ताकि भुगतान के स्रोत का सत्यापन किया जा सके।

परिजनों से पूछताछ तेज, पत्नी भी हिरासत में

पुलिस ने बरामदगी के बाद आरोपियों और उनके परिजनों से भी लंबी पूछताछ की। देर रात लवकुश मिश्रा की पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जबकि उसके माता-पिता से पहले ही पूछताछ हो चुकी है। जांच एजेंसियां अब उन लोगों की भूमिका भी खंगाल रही हैं, जिनके नाम आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताए हैं। पुलिस का मानना है कि चोरी की रकम के इस्तेमाल और लेनदेन से जुड़े कई और तथ्य सामने आ सकते हैं।

Also Read: ‘शौचालय में छिपाते थे लाखों की नकदी…’, राम मंदिर चढ़ावा चोरी कांड में बड़ा खुलासा

राम मंदिर प्रकरण पर विहिप की बढ़ी सक्रियता

इधर, राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण और ट्रस्ट में चल रहे प्रशासनिक बदलावों के बीच विश्व हिंदू परिषद ने भी अपनी गतिविधियां तेज कर दी हैं। विहिप के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंग लाल बांगड़ा ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि से मुलाकात की। इसके अलावा कारसेवकपुरम में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की एक गोपनीय बैठक भी हुई, जिसमें ट्रस्ट की वर्तमान स्थिति, संभावित प्रशासनिक बदलावों और आगे की रणनीति पर विस्तृत चर्चा किए जाने की जानकारी सामने आई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)