मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित कंटेनर ने सो रहे पिता-पुत्र को रौंदा, दोनों की मौके पर मौत

मिर्जापुर: यूपी के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत गैपुरा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा. हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.

ग्रामीणों का आरोप है कि डिवाइडर पर इंडिकेटर व पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह हादसा हुआ. सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं. जानकारी के मुताबिक गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को भोर में तकरीबन 3 बजे थाना विन्ध्याचल के पुलिस चौकी गैपुरा क्षेत्रान्तर्गत कलना गहरवार के पास प्रयागराज की तरफ से आ रहे सीमेंट कंटेनर वाहन संख्या MP 19ZQ9901 के अनियंत्रित होकर घर में घुस कर पलट जाने के कारण चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45 वर्ष) पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता निवासी कलना गहरवार थाना विन्ध्याचल की मौके ही मृत्यु हो गयी जबकि उनका पुत्र रोहित (13 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया.

Also Read: UP: घरेलू कलह बनी जानलेवा! पत्नी के मायके जाने के बाद दिव्यांग युवक ने लगाई फांसी

सूचना पर थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल रोहित उपरोक्त को इलाज के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गयी. थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा दोनों मृतको के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया तथा परिजन द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर तथा सम्बन्धित वाहन को क़ब्ज़े में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा है. मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर मय पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौजूद है.

वहीं दूसरी ओर दुर्घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर आस-पास के थानों की पुलिस फोर्स बुला लिया गया था वहीं हादसे की ख़बर होने पर मौके पर पहुंचे राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने मृतक के परिजनों को धैर्य बंधाते हुए उनके साथ खड़े होने का आश्वासन देते हुए मृतक परिवार को जिला प्रशासन द्वारा 50 लाख का मुआवजा मिले तथा क्षतिग्रस्त मकान का अभिलम्ब निर्माण कराये जाने की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराने में जुटे रहे हैं.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)