बरेली : बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र के गांव सैदपुर लश्करीगंज में सड़क पर मिट्टी डालने को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि दो युवकों ने एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित नितिन कुमार पुत्र वीरेंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर वह साइकिल से खेत से घर लौट रहा था। गांव में मुकेश के घर के सामने सड़क पर मिट्टी फैली होने के कारण उसकी साइकिल फिसल गई और वह गिरकर चोटिल हो गया। गिरने के बाद नितिन ने मिट्टी सड़क पर डालने को लेकर मुकेश से आपत्ति जताई।
आरोप है कि इस बात पर मुकेश और उसका भाई प्रवीण भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों ने नितिन को लाठी-डंडों, लात और घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। मारपीट में नितिन को शरीर पर कई चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब जाकर हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना के बाद घायल नितिन ने थाना बिथरी चैनपुर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।













































