बरेली में गोशालाओं में अनियमितता पर सीडीओ सख्त, लापरवाही पर होगी एफआईआर, सीडीओ बोले- गोवंशों की सुरक्षा और देखभाल प्रशासन की प्राथमिकता है…

बरेली : भीषण गर्मी के बीच जिले की गोशालाओं में सामने आ रही अनियमितताओं को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। नवाबगंज क्षेत्र के मधूनगला में गोवंशों की मौत और लगातार मिल रही शिकायतों के बाद मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) देवयानी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने साफ कहा है कि गोशालाओं की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को गोशालाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं, ताकि गोवंशों को पर्याप्त चारा, पानी और छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मधूनगला गोशाला में सुधार न होने पर सीडीओ ने बीडीओ, सचिव, प्रधान और एडीओ पंचायत से स्पष्टीकरण भी तलब किया है।

Also Read: UP: कानपुर किडनी कांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी डॉ. रोहित गिरफ्तार, दिल्ली से संचालित कर रहा था नेटवर्क

प्रशासन के अनुसार सरकार गोशालाओं के रखरखाव पर हर महीने करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन इसके बावजूद व्यवस्थाओं में कमी सामने आ रही है। करीब छह महीने पहले मधूनगला गोशाला में भूख और अव्यवस्था के कारण कई गोवंशों की मौत हो गई थी, जिसके बाद भी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

सीडीओ ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनमोहन पांडे को गोशालाओं का नियमित निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में गोशालाओं में लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन के साथ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।सीडीओ ने कहा कि गोवंशों की सुरक्षा और देखभाल प्रशासन की प्राथमिकता है, इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Also Read: ’30 लाख में ठेका और ‘कमांडो सर्जरी’ कोडवर्ड नेटवर्क…’, Kanpur Kidney Transplant Scam में बड़ा खुलासा