सहारनपुर : भीम आर्मी प्रमुख एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आज़ाद को रविवार को सहारनपुर के छुटमलपुर स्थित आवास पर पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया। उनके घर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। बताया जा रहा है कि 100 से अधिक पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद हैं और सांसद को घर से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, चंद्रशेखर आजाद देवबंद क्षेत्र के लालवाला गांव में हाल ही में हुई हिंसक घटना के पीड़ित परिवारों से मिलने जाने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस प्रशासन ने उनके आवास को घेर लिया। उनके अलावा भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न आजाद, कमल वालिया समेत चार अन्य पदाधिकारियों को भी हाउस अरेस्ट किए जाने की जानकारी सामने आई है।
दरअसल, शनिवार को देवबंद के लालवाला गांव में दो बीघा जमीन को लेकर ठाकुर समाज और अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया था। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में तीन महिलाओं समेत आठ लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। ठाकुर समाज का दावा है कि जमीन उन्होंने खरीदी है, जबकि दलित समाज के लोग इस दावे का विरोध कर रहे हैं। शनिवार को कथित कब्जे की कोशिश के दौरान विवाद बढ़ गया और हालात बेकाबू हो गए।
सूचना मिलते ही सीओ अभितेष सिंह और कोतवाली प्रभारी रोजंत त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पहले दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर होने पर हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
फिलहाल लालवाला गांव में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है। इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।













































