शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद धानापुर दौरे पर, शहीदों को नमन कर गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग

चंदौली : चंदौली जनपद के धानापुर कस्बे में ज्योतिषपीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने 1942 के ऐतिहासिक धानापुर कांड में शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शहीद पार्क का दौरा किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान धानापुर के स्थानीय मुस्लिम समाज ने भी शंकराचार्य महाराज का जोरदार स्वागत किया। सिराजुद्दीन भुट्टो के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मनोज कुमार सिंह ‘डब्लू’ भी पहुंचे और शंकराचार्य महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गौहत्या पर प्रतिबंध लगाने और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग का समर्थन किया।

अपने संबोधन में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि वे पूरे देश में गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित कराने और गौहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के उद्देश्य से यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इस अभियान को देशभर में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।

Also Read : ‘6 नए मंत्रियों की एंट्री, दो मंत्रियों का बढ़ा कद…’, यूपी में योगी कैबिनेट विस्तार

शंकराचार्य ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जो सरकार स्वयं को हिंदुत्ववादी बताती है, वही गौ तस्करी को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि “भगवा चोला पहनकर गाय काटने का लाइसेंस देने वाले लोग हिंदुओं की रक्षा की बात नहीं कर सकते।” उन्होंने लोगों से आगामी चुनाव में ऐसे प्रतिनिधियों को चुनने की अपील की जो गौसंरक्षण के लिए कार्य करें और गाय को राष्ट्रमाता घोषित कराने का समर्थन करें।

उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति गाय की रक्षा नहीं कर सकता, उसे मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री बनने का नैतिक अधिकार नहीं है। गौमाता की रक्षा और सम्मान को उन्होंने भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का मूल आधार बताया।

इस मौके पर वैभव त्रिपाठी, संतोष पाठक, सिराजुद्दीन भुट्टो, हसन खान, डॉ. मसूद खान, महताब आलम, इकरामुद्दीन अंसारी, मौलाना आफताब, जफर अली मकुनी, इबरार खान, मु. सिद्दीक, मासूम खान, दरोगा हासमी, वसीम अंसारी और मेराज हासमी सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। मुस्लिम समाज के लोगों ने भी गौहत्या पर रोक लगाने और गाय को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग का समर्थन किया।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)