मामूली कहासुनी बनी खूनी संघर्ष, दबंगों ने परिवार पर बोला हमला

फर्रुखाबाद : फर्रुखाबाद के कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लुधईया में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। गांव निवासी शरीफ पुत्र बुजनन्दन ने कोतवाली पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि 10 मई 2026 की शाम करीब 6 बजे वह खेत पर जा रहा था, तभी गांव के नन्हे पुत्र भीमसेन ने उसे गालियां देनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि वह किसी तरह वहां से अपने घर पहुंचा, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी नन्हे, गौतम, उत्तम, भूरे, दीपी समेत कई लोग लाठी-डंडे और फावड़ा लेकर उसके घर आ धमके और उस पर हमला बोल दिया। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी रिंकी और भाई सचिन को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।

Also Read : प्यार, धोखा और धर्मांतरण! ‘सौरभ’ बनकर लड़कियों को जाल में फंसाता था शोएब, फोन चैट्स से हुआ बड़ा खुलासा

हमले में शरीफ को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि उसकी पत्नी और भाई भी घायल बताए जा रहे हैं। आरोप है कि जाते-जाते दबंग परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग लाठी-डंडों के साथ हमला करते नजर आ रहे हैं।

पीड़ित पक्ष की महिला ने आरोपियों के खिलाफ कायमगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)