फर्रुखाबाद, राजेपुर। हाल ही में राजेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम चाचूपुर में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुए विवाद ने जिले में काफी हलचल मचा दी थी। मामले को लेकर गांव में तनाव का माहौल बना हुआ था। इसी बीच सोमवार को भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचंद्र राजपूत और क्षेत्रीय विधायक सुशील शाक्य गांव पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
नेताओं ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से साफ शब्दों में कहा कि घटना की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि इस मामले में किसी भी निर्दोष व्यक्ति को न फंसाया जाए और न ही अनावश्यक रूप से परेशान किया जाए, जबकि जो लोग वास्तव में दोषी हैं उन्हीं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस दौरान उपजिलाधिकारी अमृतपुर, अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ और क्षेत्राधिकारी अमृतपुर भी मौके पर मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
ग्रामीणों ने नेताओं के सामने गांव की आबादी के बीच संचालित हो रहे शराब के ठेके को लेकर भी नाराजगी जाहिर की। इस पर भाजपा जिलाध्यक्ष और विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आबादी क्षेत्र में स्थित शराब के ठेके को जल्द से जल्द वहां से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट कराया जाए।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गांव में एक युवक का शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और पुलिस के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी, जिसमें पथराव और हंगामे की खबर भी सामने आई थी। घटना के बाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब जनप्रतिनिधियों की एंट्री के बाद मामला नया मोड़ लेता नजर आ रहा है।












































