बरेली में झाड़-फूंक के नाम पर विवाहिता से बेरहमी, पति समेत चार पर मुकदमा

बरेली: थाना सीबीगंज क्षेत्र में झाड़-फूंक के नाम पर एक विवाहिता के साथ मारपीट और प्रताड़ना का मामला सामने आया है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति, सास, ननद और एक कथित तांत्रिक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रामपुर जिले के थाना मिलक क्षेत्र के ग्राम कूप निवासी नत्थूलाल ने पुलिस को बताया कि उन्होंने चार वर्ष पहले अपनी पुत्री पूजा की शादी सीबीगंज क्षेत्र के ग्राम घूरा राघवपुर निवासी नरेन्द्र के साथ की थी। आरोप है कि 11 मई की रात नरेन्द्र अपनी मां त्रिवेणी के साथ पूजा को दवा दिलाने के बहाने गांव की एक महिला गीता के पास ले गया, जो झाड़-फूंक का काम करती है।

Also Read – UP: नशे में धुत बैंक मैनेजर ने कार से दो सिपाहियों को रौंदा, हालत गंभीर, ट्रॉमा सेंटर रेफर

पीड़िता के पिता के अनुसार, गीता ने पूजा पर ऊपरी साया होने की बात कहकर उसे डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि इस दौरान पूजा के बाल पकड़कर उसे घसीटा गया, जबकि उसका पति मोबाइल से वीडियो बनाता रहा। सास त्रिवेणी भी मौके पर मौजूद रही।

आरोप है कि देर रात घर लौटने पर पूजा ने विरोध किया तो पति और सास ने उसे कमरे में बंद कर दोबारा मारपीट की। ननद रेखा पर दांत से काटने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के पिता जब बेटी का हाल जानने पहुंचे तो आरोपियों ने उन्हें भी धमकाया।

पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)