गोरखपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त समाज के उद्देश्य से “नील गगन पूर्वांचल – ईको वॉरियर” अभियान के अंतर्गत ईको पार्क एवं ईको गार्डन विकास योजना का पोस्टर लॉन्च किया गया। इस अवसर पर दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन की उपस्थिति में अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
यह पहल पूर्वांचल यूथ वेलफेयर एसोसिएशन (PYWA) के तत्वावधान में संचालित की जा रही है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा ईको-ब्रिक निर्माण के प्रति जागरूक करना है।
अभियान के अंतर्गत “Reduce, Reuse & Recycle (RRR)” मॉडल पर आधारित एक ईको पार्क दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के भौतिकी विभाग (Physics Department) में विकसित किया जाएगा। इस ईको पार्क में ईको-ब्रिक से विभिन्न संरचनाएं बनाई जाएंगी तथा क्षेत्रीय एवं औषधीय पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों एवं युवाओं को ईको-ब्रिक निर्माण का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि प्लास्टिक कचरे का पुनः उपयोग कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान सुनिश्चित किया जा सके।
फ्लाईअप फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों को ईको-ब्रिक एवं सतत विकास से संबंधित प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जबकि पूर्वांचल यूथ वेलफेयर एसोसिएशन (PYWA) जमीनी स्तर par जनजागरूकता, पौधारोपण एवं पार्क विकास कार्यों का संचालन करेगा। वर्तमान में इस अभियान से 150 से अधिक स्वयंसेवक (Volunteers) जुड़ चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
इस अभियान का नेतृत्व फ्लाईअप फाउंडेशन के निदेशक अभय सिंह एवं PYWA के अध्यक्ष नारायण दत्त पाठक द्वारा किया जा रहा है। दोनों युवा नेतृत्वकर्ताओं ने कहा कि यह पहल केवल एक परियोजना नहीं बल्कि युवाओं को पर्यावरणीय जिम्मेदारी एवं सतत विकास से जोड़ने का एक जनआंदोलन है।
अभियान के माध्यम से आने वाले दिनों में ईको-ब्रिक प्रशिक्षण, प्लास्टिक अपशिष्ट जागरूकता अभियान, पौधारोपण कार्यक्रम एवं ईको पार्क निर्माण जैसी विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।









































