गोरखपुर : दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय गोरखपुर में आयोजित मेमोरियल छात्रवृत्ति वितरण समारोह में विधि एवं परास्नातक स्तर के विभिन्न विषयों के कुल 32 मेधावियों को कुलपति प्रो. पूनम टंडन के द्वारा प्रमाणपत्र एवं धनराशि का चेक प्रदान किया गया. इसके कार्यक्रम में सत्र 2025-26 के सर्वोच्च अंक प्राप्त विद्यार्थियों को स्वामी शिवानन्द मेमोरियल छात्रवृत्ति के अंतर्गत रूपए 6000 तथा पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा कुल प्रदत्त पांच छात्रवृतियों पं. हरिहर प्रसाद दुबे मेमोरियल छात्रवृत्ति हेतु रुपए 15000, प्रो प्रभाशंकर पाण्डेय छात्रवृति हेतु रुपए 15000, श्रीमती पुष्पा देवी मेमोरियल छात्रवृति हेतु 15000, श्रीमती सावित्री मेमोरियल छात्रवृत्ति हेतु 10,000, एवं श्रीमती शांति तिवारी मेमोरियल छात्रवृति में रुपए 15000 रुपए का चेक एवं प्रमाणपत्र प्रति विद्यार्थी प्रदान किया गया। गणित विभाग के परास्नातक टापर्स के लिए शुरू की गई प्रो. राम निवास मेमोरियल छात्रवृति के अंतर्गत विगत दो सत्रों के दोनो टापर्स विद्यार्थियों को रुपए 25,000 का चेक और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया.
इन सभी छात्रवृत्तियों में सबसे उल्लेखनीय यह रहा कि मेमोरियल छात्रवृति प्राप्तकर्ता सभी सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता छात्राएं ही रही. यह पूर्वांचल में बदलते महिला विकास, सशक्तिकरण एवं शिक्षा में उनकी बढ़ती भूमिका का प्रतीक है.
मेधावी विद्यार्थियों को सम्बोधित करते हुए *कुलपति प्रो. पूनम टंडन* ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक सहयोग समाज सेवा का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। समाज के सक्षम लोगों द्वारा विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग किए जाने से अनेक प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है। शिक्षा के लिए दिया गया सहयोग सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है।
कुलपति प्रो पूनम टंडन ने विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारियों से भी स्वैच्छिक रूप से विद्यार्थियों को पुस्तकें, अध्ययन सामग्री अथवा आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।* उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से जरूरतमंद विद्यार्थियों तक सहायता पहुँचाकर उनके भविष्य को संवारा जा सकता है, इसका महत्व ईश्वर की आराधना से कम नहीं है. विद्यार्थियों की सहायता करना केवल सामाजिक दायित्व ही नहीं, बल्कि आत्मिक संतोष का भी माध्यम है। छात्रवृत्तियाँ विद्यार्थियों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा भी प्रदान करती हैं.”
Also Read – गोरखपुर: भारत–मलेशिया शैक्षिक सहयोग को नई ऊँचाई, DDUGU और MSU की रणनीतिक भागीदारी
यहाँ यह बताना भी उल्लेखनीय है, कि स्वामी शिवानन्द मेमोरियल छात्रवृत्ति सन् 2012 से प्रदान की जाती है जिसके अंतर्गत स्नातकोत्तर प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के हिन्दी, संस्कृत, प्राचीन इतिहास, शिक्षाशास्त्र, वनस्पति विज्ञान, प्राणि विज्ञान, वाणिज्य एवं विधि के सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को दिया जाता है। यह फेलोशिप टिहरी गढ़वाल उत्तराखंड के डिवाइन लाइफ सोसाइटी द्वारा दिया जाता है।
इसी क्रम में पं. हरिहर प्रसाद दूबे फाउंडेशन ट्रस्ट, बेतियाहाता के द्वारा कुल पांच छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं. रसायनशास्त्र विषय के स्नातकोत्तर प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के पिछले कोर्स एवं प्रवेश में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को श्रीमती शान्ति तिवारी मेमोरियल छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। वहीं पं. हरिहर प्रसाद दूबे मेमोरियल छात्रवृत्ति भौतिकी, गणित एवं प्राणि विज्ञान विषय के परास्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के टॉपर्स को दिया जाता है। प्रो प्रभाशंकर पाण्डेय मेमोरियल छात्रवृत्ति परास्नातक समाजशास्त्र विषय के टॉपर्स, श्रीमती पुष्पा दूबे मेमोरियल छात्रवृत्ति बायोटेक्नोलाजी विषय के परास्नातक टॉपर्स और श्रीमती सावित्री देवी मेमोरियल छात्रवृति एलएलबी के तीनों वर्ष के सर्वोच्च अंक प्राप्तकर्ता को को प्रदान की जाती है. इसके अतिरिक्त प्रो. राम श्रीनिवास मेमोरियल छात्रवृत्ति गणित विषय के परास्नातक प्रथम एवं द्वितीय वर्ष के मेधावी विद्यार्थियों को प्रदान कर उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता को प्रोत्साहित किया जाता है।
कार्यक्रम में प्रभारी डीएसडब्ल्यू प्रो. वीना बत्रा कुशवाहा ने उक्त छात्रवृत्तियों की विस्तृत जानकारी देते हुए सभी का स्वागत किया और छात्रवृत्ति प्राप्त विद्यार्थियों एवं उनके परिवार को शुभकामनाएँ दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ अखिल मिश्र एवं धन्यवाद ज्ञापन डॉ मनीष पाण्डेय ने किया।
इस दौरान कुलसचिव डी के श्रीवास्तव, वित्त अधिकारी प्रो जयमंगल राव, प्रो अजय सिंह, प्रो उमेश नाथ त्रिपाठी, प्रो विमलेश मिश्र, प्रो सुधीर श्रीवास्तव, प्रो संदीप कुमार, प्रो अनुराग द्विवेदी, प्रो अहमद नसीम, प्रो. सुनीता दुबे, प्रो पूजा सिंह, प्रो. आर. पी. सिंह, प्रो. पूजा सिंह, डॉ दीपा श्रीवास्तव समेत कई शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थिति रहे।











































