हमीरपुर में आंधी-तूफान का कहर, निर्माणाधीन ब्रिज का स्लैब गिरा; मलबे में दबकर 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत

हमीरपुर : हमीरपुर जिले में तेज आंधी और तूफान ने भारी तबाही मचाई है। लालपुर थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य मजदूर मलबे में फंस गए हैं, जिनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है।

पिलर टूटने से हुआ बड़ा हादसा

मंगलवार को करीब 70-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी के कारण निर्माणाधीन पुल का पिलर टूट गया और ऊपर का स्लैब अचानक मजदूरों पर गिर पड़ा। हादसा लालपुर क्षेत्र में हुआ, जहां कानपुर की ‘द सेल्टर कंपनी’ पुल का निर्माण कार्य करा रही थी।

6 मजदूरों की मौत, रेस्क्यू जारी

मलबे में दबकर 6 मजदूरों की मौत हो गई। SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। रेस्क्यू टीम ने अब तक 3 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि कई अन्य के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

Also Read : यूपी में मौसम का कहर! CM योगी ने अधिकारियों को दिया फील्ड पर उतरने का निर्देश, मुआवजे का ऐलान

कई थानों की पुलिस तैनात

हादसे के बाद जिले के कई थानों की पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात कर दिया गया है। SDRF की टीम मलबा हटाने और फंसे हुए मजदूरों को निकालने का काम तेजी से कर रही है।

प्रशासन ने लिया संज्ञान

जिला प्रशासन ने हादसे का संज्ञान लेते हुए घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। यह देखा जाएगा कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। कंपनी पर लापरवाही बरतने का आरोप लग रहा है।

इलाके में मचा शोक

हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक मजदूरों के परिजन मौके पर पहुंचकर रो-रोकर बुरा हाल कर रहे हैं। स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसियों से बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को तुरंत आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और घायलों के उचित इलाज के निर्देश दिए हैं।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)