लखनऊ : लखनऊ में बिल्डर संदीप सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को पूर्वांचल के शूटरों के शामिल होने का सुराग मिला है। इस हत्याकांड में गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी के शूटरों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने इन तीनों जिलों में दबिश तेज कर दी है।
क्राइम ब्रांच समेत 10 टीमें लगीं तलाश में
लखनऊ पुलिस की क्राइम ब्रांच समेत कुल 10 टीमें आरोपियों की तलाश में लगी हुई हैं। हत्या के बाद शूटर किसान पथ और रायबरेली रोड होते हुए फरार हुए थे। पुलिस अब इन रूटों के टोल प्लाजा और पूरे किसान पथ के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम लीड
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से महत्वपूर्ण लीड मिली है। शूटरों की गतिविधि और वाहन की जानकारी मिलने के बाद पूर्वांचल के इतिहास वाले शूटरों की कुंडली खंगाली जा रही है।
पूर्वांचल में छापेमारी
पुलिस की टीमों ने गाजीपुर, जौनपुर और वाराणसी के विभिन्न इलाकों में छापेमारी शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि हत्याकांड में इस्तेमाल किए गए शूटर इन इलाकों से संबंधित हो सकते हैं।
सर्विलांस टीम सक्रिय
साथ ही सर्विलांस टीम शूटरों की मौजूदा लोकेशन ट्रेस करने में जुटी हुई है। पुलिस का मानना है कि हत्याकांड प्लान्ड था और शूटर हत्या के बाद जल्दी से फरार होने के लिए पहले से तैयार थे।
बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड को लेकर लखनऊ पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।














































