देवरान गाड़िया में जलभराव से बिगड़े हालात, सड़कें बनी तालाब; ग्रामीणों में बीमारी का डर

कमालगंज/फर्रुखाबाद। कमालगंज ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवरान गाड़िया में जलभराव और गंदगी की समस्या ने ग्रामीणों का जीना मुश्किल कर दिया है। गांव की मुख्य सड़क सहित कई गलियों में पिछले कई दिनों से गंदा पानी भरा हुआ है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो चुकी है और सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगी हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव होने से राहगीरों, स्कूली बच्चों और बाइक सवारों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। कई स्थानों पर कीचड़ और फिसलन के कारण लोग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।

लगातार जलभराव के चलते गांव में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है। ग्रामीणों को डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का भय सता रहा है। गांव के रामसेवक, विमल, गोपाल और राहुल ने बताया कि बरसात शुरू होने से पहले ही गांव की हालत बदतर हो चुकी है। उनका कहना है कि यदि जल्द ही सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

Also Read: ‘BJP में अब करंट नहीं रहा…’, बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का UP सरकार पर हमला

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि गांव में सफाई कर्मी नियमित रूप से नहीं आते, जिसके कारण जगह-जगह गंदगी के ढेर लग गए हैं और नालियां पूरी तरह चोक हो चुकी हैं। मुख्य मार्ग पर जलभराव से किसानों और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। गांव में आने-जाने वाले वाहन पानी और कीचड़ में फंस रहे हैं, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

इस संबंध में ग्राम प्रधान रूबी पाल ने बताया कि गांव में जल्द ही विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नालियों की सफाई कराकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।

गांववासियों ने प्रशासन से मांग की है कि समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए, ताकि बरसात के मौसम में लोगों को और अधिक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)