बाराबंकी : जनपद में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की तीन घटनाओं का सफल अनावरण किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी, वारदात में प्रयुक्त औजार तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर चोरी की घटनाओं के शीघ्र खुलासे और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में कोतवाली नगर पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अजमत अली निवासी भटवामऊ बेलहरा थाना मोहम्मदपुर खाला तथा विकास वर्मा और विकास वर्मा उर्फ भन्नू निवासी गल्ला मंडी, कोतवाली नगर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से एक गैस सिलेंडर, एक साउंड सिस्टम, एक साउंड मशीन, एक बैटरी, चोरी में प्रयुक्त औजारों से भरा पिट्ठू बैग, 8,600 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल संख्या यूपी-41 एज़ेड-4909 बरामद की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गांवों और कस्बों में घूमकर स्कूलों तथा अन्य संस्थानों की रेकी करते थे। उपयुक्त अवसर मिलने पर वे चिन्हित स्थानों पर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने सफीपुर स्थित प्रगति विद्या मंदिर स्कूल, असैनी स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर तथा सोमैया नगर के एक विद्यालय में चोरी की घटनाएं की थीं। इन मामलों में कोतवाली नगर थाने में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मुख्य आरोपी अजमत अली के खिलाफ लखनऊ और बाराबंकी के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार सिंह सहित कोतवाली नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












































