फर्रुखाबाद। शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा रविवार को कैंप कार्यालय नाला सिम्त शुमाल में लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों ने महारानी अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्प अर्पित किए तथा उनके जीवन, व्यक्तित्व और जनकल्याणकारी कार्यों को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अंकुर मिश्रा एडवोकेट ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की उन विरल शासकों में शामिल हैं, जिन्होंने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया। उन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, सुशासन, सामाजिक समरसता और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। यही कारण है कि उन्हें केवल राजमाता ही नहीं बल्कि लोकमाता के रूप में भी सम्मान प्राप्त हुआ।
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर ने बिना किसी जातीय, धार्मिक अथवा साम्प्रदायिक भेदभाव के समाज के सभी वर्गों के लिए कार्य किया। उन्होंने व्यापार, उद्योग, वस्त्र उत्पादन और कृषि के विकास को बढ़ावा दिया तथा महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए भी महत्वपूर्ण कदम उठाए। उनके शासनकाल में जनता के प्रति निष्पक्षता और संवेदनशीलता उनकी सबसे बड़ी पहचान रही।
अंकुर मिश्रा ने कहा कि महारानी अहिल्याबाई ने देशभर में धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण एवं पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने सोमनाथ, बद्रीनाथ, केदारनाथ, रामेश्वरम, अयोध्या, मथुरा और गया सहित अनेक तीर्थस्थलों पर मंदिरों, धर्मशालाओं, कुओं, तालाबों और प्याऊ का निर्माण कराया। काशी में उन्होंने विश्वनाथ मंदिर का पुनर्निर्माण कराया, लेकिन उस समय भी उन्होंने किसी प्रकार के टकराव की राजनीति से दूरी बनाकर सामाजिक सद्भाव और संवाद का मार्ग अपनाया।
UP : IPS राजीव कृष्ण बने उत्तर प्रदेश के पूर्णकालिक DGP, पुलिस को मिली नई ऊर्जा
उन्होंने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर का जीवन लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समावेश और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का उत्कृष्ट उदाहरण है। आज के दौर में समाज और राजनीति से जुड़े लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समरसता, भाईचारे और जनसेवा की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर की नीतियां और आदर्श वर्तमान समय में भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके शासनकाल में थे। उन्होंने अपने कार्यों से यह साबित किया कि जनता का विश्वास ही किसी शासक या जनप्रतिनिधि की सबसे बड़ी शक्ति होती है।
इस अवसर पर एडवोकेट वीरेंद्र मिश्रा, अशोक राठौर, अतीक सलमानी, सलीम खान, अमर मिश्रा, विष्णु मिश्रा, हिमांशु मिश्रा, वत्सल्य मिश्रा, जयदा परवीन, हिमांगी सक्सेना, रोहित वर्मा, शब्बू खान, मुकेश कुमार, रघुवर दयाल, संजय दिवाकर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।













































