UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बिजनौर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi) ने गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड (Surya Chauhan Murder Case) का जिक्र करते हुए अपराधियों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दोस्ती के नाम पर विश्वासघात और हिंसा किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि दोस्ती की आड़ में छुरेबाजी बर्दाश्त नहीं, नालायक औलादों को सबक सीखना होगा।
‘अपराधियों को सबक सिखाना जरूरी’
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज में शांति और सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है, लेकिन जो लोग व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जब समाज के सामने खर-दूषण जैसी प्रवृत्तियां खड़ी हों तो उनका मुकाबला करने के लिए दृढ़ कदम उठाने पड़ते हैं।
सरकार आम नागरिकों के साथ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता कानून का पालन करने वाले नागरिकों की सुरक्षा है। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों तक पहुंचाई जा रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के अनुरूप हर पात्र व्यक्ति को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
अहिंसा का सम्मान, लेकिन कानून से खिलवाड़ नहीं
योगी ने कहा कि अहिंसा, मानवता और सामाजिक सद्भाव किसी भी सभ्य समाज की पहचान हैं। हालांकि, यदि कोई व्यक्ति या समूह कानून-व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने लोगों से कानून का सम्मान करने और नियमों के दायरे में रहने की अपील की।
क्या है सूर्या चौहान हत्याकांड?
गाजियाबाद में 28 मई की शाम 17 वर्षीय सूर्या चौहान की चाकू से हमले के बाद मौत हो गई थी। पुलिस जांच के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई गई है। आरोप है कि कुछ परिचितों ने सूर्या को फोन कर बुलाया और वहां पहुंचने पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत कई आरोपियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस इस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है, जबकि मुख्य आरोपी असद का एनकाउंटर हो चुका है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































