लखनऊ : प्रदेश सरकार में मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने गाजियाबाद के खोड़ा में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या और आरोपी के पुलिस एनकाउंटर को लेकर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर जमकर निशाना साधा है। राजभर ने अखिलेश यादव पर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनहीनता का आरोप लगाते हुए कहा कि सपा केवल वोट बैंक की राजनीति करती है।
राजभर का तीखा हमला
सोमवार को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए लिखा, “अपने प्रवक्ताओं को इंसानियत का पाठ पढ़ाइए।” उन्होंने आरोप लगाया कि सूर्या चौहान की निर्मम हत्या के बाद सपा की ओर से पीड़ित परिवार के प्रति एक शब्द भी संवेदना नहीं व्यक्त की गई, लेकिन आरोपी के एनकाउंटर होने के बाद पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाने शुरू कर दिए गए।
राजभर ने पूछा, आखिर विपक्ष किस तरह की कानून-व्यवस्था चाहता है? हत्यारे को बचाना चाहता है या पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना चाहता है?”
PDA फॉर्मूला पर निशाना
मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि यह फॉर्मूला अब “पीट देगा अहिर” की राजनीति बनकर रह गया है। राजभर ने आरोप लगाया कि सपा वोट बैंक की राजनीति के कारण कुछ घटनाओं पर तो मुखर हो जाती है, लेकिन पीड़ित पिछड़े-दलित परिवारों की घटनाओं पर चुप्पी साध लेती है।
Also Read : सिकंदराराऊ में सपा की साइकिल यात्रा रोकी, प्रशासन से तीखी नोकझोंक
सपा में पिछड़ों-दलितों की भूमिका पर सवाल
राजभर ने पहले भी आरोप लगाया था कि समाजवादी पार्टी में गैर-यादव पिछड़ों और दलितों की भूमिका केवल चुनावी भीड़ जुटाने तक सीमित है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को सिर्फ “झंडा-झोला ढोने, दरी बिछाने और वोट देने” का काम सौंपा गया है, जबकि सत्ता, सम्मान और असली हिस्सेदारी एक खास वर्ग तक ही सीमित रहती है।
उन्होंने अमेठी में एक महिला विधायक और उनके परिवार के साथ हुई कथित मारपीट, गाली-गलौज और धमकी की घटना का हवाला देते हुए कहा कि पार्टी नेतृत्व की चुप्पी सपा की असली सच्चाई उजागर कर रही है।
बहुजन समाज को की अपील
ओम प्रकाश राजभर ने बहुजन समाज से अपील की कि वे ऐसे मुद्दों पर सपा नेतृत्व के रवैये को ध्यान से देखें। उन्होंने कहा कि सूर्या चौहान जैसे निर्दोष युवाओं की हत्या पर सपा की चुप्पी बताती है कि उनकी संवेदना केवल वोट के लिए है, असली दर्द से उनका कोई संबंध नहीं है।
यह विवाद गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 17 वर्षीय सूर्या चौहान की हत्या के बाद गरमा गया है। पुलिस ने आरोपी को एनकाउंटर में मार गिराया था, जिस पर विपक्षी दलों ने सवाल उठाए हैं। ओम प्रकाश राजभर की तीखी टिप्पणियों ने सियासी बयार को और तेज कर दिया है।














































