मुगलसराय, चंदौली : कस्बा क्षेत्र के लॉट नंबर-02 स्थित जायसवाल स्कूल रोड पर सोमवार रात एक होटल/रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ अज्ञात युवकों द्वारा कर्मचारियों के साथ मारपीट और तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में पांच कर्मचारी घायल हो गए, जबकि प्रतिष्ठान की संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा है। पीड़ित पक्ष ने मुगलसराय कोतवाली में लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेस्टोरेंट परिसर में संचालित IRCTC के बेस किचन में देर रात कर्मचारियों द्वारा ट्रेनों के लिए नाश्ता तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे और किचन मैनेजर के बारे में पूछताछ करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने खाना बनाने में इस्तेमाल होने वाला पलटा उठाकर कर्मचारियों पर हमला कर दिया। इस दौरान विकास कुमार पुत्र शिवजतन पासवान, नूर आलम, सन्नी, बंधन तथा पुनीत घायल हो गए। मारपीट के दौरान प्रतिष्ठान का शीशा टूट गया और अन्य सामानों को भी नुकसान पहुंचा।
कंपनी पर 8 लाख रुपये बकाया होने का लगाया आरोप
घटना में घायल विकास कुमार ने बताया कि हमलावर सीधे बेस किचन में घुस आए और किचन मैनेजर के बारे में पूछने लगे। उन्होंने कहा कि संबंधित कंपनी पर उनके 8 लाख रुपये बकाया हैं और जब तक पैसा नहीं मिलेगा, यहां काम नहीं होने देंगे।
विकास कुमार के अनुसार, आरोपियों ने कर्मचारियों को धमकाते हुए कहा कि वे यहां काम छोड़कर चले जाएं, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने कर्मचारियों की क्षेत्रीय पहचान को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया।
विकास ने बताया कि हमले के कारण IRCTC की दुरंतो ट्रेन के लिए तैयार किया जा रहा नाश्ता प्रभावित हुआ और निर्धारित कार्य समय पर पूरा नहीं हो सका।
Also Read – पारिवारिक कलह में खूनी संघर्ष : देवर ने भाभी पर गड़ासे से किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर
डायल-112 को दी गई सूचना
घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सूचना मिलते ही कस्बा चौकी प्रभारी विजय राज भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से पूछताछ की।
कोतवाली में दी तहरीर, जांच शुरू
पीड़ित विकास कुमार ने मुगलसराय कोतवाली पहुंचकर लिखित प्रार्थना पत्र दिया है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है तथा हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राप्त लिखित तहरीर के आधार पर जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













































