अमेठी : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने विशेष तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा केंद्रों तक समय पर पहुंचाने के लिए अमेठी बस डिपो से लगभग दो दर्जन अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाएगा। इससे जिले के हजारों अभ्यर्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अमेठी जिले के अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्र अंबेडकर नगर, अयोध्या, बाराबंकी, प्रतापगढ़ समेत अन्य जनपदों में बनाए गए हैं। परीक्षा के दौरान बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवागमन को देखते हुए परिवहन विभाग ने यह विशेष व्यवस्था की है। अतिरिक्त बसों का संचालन प्रमुख मार्गों पर किया जाएगा, ताकि अभ्यर्थी बिना किसी परेशानी के अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
अमेठी बस डिपो के प्रभारी आर.के. वर्मा ने बताया कि पुलिस भर्ती परीक्षा को ध्यान में रखते हुए डिपो स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए करीब दो दर्जन अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी। आवश्यकता पड़ने पर बसों की संख्या बढ़ाने की व्यवस्था भी रहेगी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को रोडवेज बसों में यात्रा के दौरान अपना प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) और आधार कार्ड साथ रखना अनिवार्य होगा। इन दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही उन्हें निर्धारित सुविधा का लाभ दिया जाएगा।
आर.के. वर्मा ने बताया कि चालक और परिचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। बसों के संचालन की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि किसी भी मार्ग पर यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े। परिवहन विभाग का प्रयास है कि सभी अभ्यर्थी समय से अपने परीक्षा केंद्रों तक पहुंच सकें।
विभाग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें, अपने सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करें। परिवहन विभाग की इस पहल से परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा मिलने की उम्मीद है।














































