UP: पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के श्रीपुर/बसुदेवपुर गांव निवासी गोलू सिंह को जांच एजेंसी ने हिरासत में लेकर कोलकाता रवाना कर दिया। गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही इलाके में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
मां ने बेटे को बताया निर्दोष
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की मां विद्यावती देवी मीडिया के सामने भावुक हो गईं। उन्होंने आंसू भरी आंखों से अपने बेटे को पूरी तरह बेगुनाह बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। उनका कहना है कि गोलू का गांव में कभी किसी से विवाद नहीं हुआ और उसके खिलाफ आज तक कोई शिकायत भी दर्ज नहीं हुई। उन्होंने लोगों और प्रशासन से बेटे को सुरक्षित वापस लौटाने की अपील की।
पहले भी घर पहुंचती थी पुलिस
विद्यावती देवी ने बताया कि पुलिस पहले भी उनके घर आती थी, लेकिन वह गोलू को नहीं बल्कि मोनू नाम के किसी अन्य व्यक्ति को तलाश रही थी। उन्होंने दावा किया कि उनके परिवार का उस व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है। परिवार के अनुसार गोलू खेती-बाड़ी के साथ पढ़ाई भी कर रहा था और हाल ही में उसने होमगार्ड भर्ती परीक्षा में हिस्सा लिया था।
हत्या में हथियार उपलब्ध कराने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने गोलू सिंह को चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में कथित भूमिका के चलते गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि उसने हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार की सप्लाई और परिवहन में मदद की थी। पहले से गिरफ्तार आरोपियों से मिले इनपुट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सीबीआई ने यह कार्रवाई की है। एजेंसी को उम्मीद है कि पूछताछ से मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं।
मेडिकल जांच के बाद कोलकाता ले गई सीबीआई
गिरफ्तारी के बाद आरोपी का जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद सीबीआई ने उसे बलिया न्यायालय में पेश किया, जहां से एजेंसी को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड मिला। सरकारी वकील संजीव सिंह के अनुसार आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए कोलकाता ले जाया गया है। मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच जारी है।


















































